मुंबई, 02 सितम्बर, (न्यूज़ हेल्पलाइन)। नागपुर एयरपोर्ट से मंगलवार सुबह उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की फ्लाइट 6E-812 से एक पक्षी टकरा गया। यह विमान कोलकाता जा रहा था और इसमें 272 यात्री सवार थे। घटना सुबह 7:01 बजे हुई, जिसके बाद पायलट ने तुरंत नागपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। विमान के आगे का हिस्सा यानी नोज डैमेज हो गया और वह अंदर धंस गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। यह मामला पांच दिन के भीतर इंडिगो फ्लाइट की दूसरी इमरजेंसी लैंडिंग है। इससे पहले 28 अगस्त को सूरत से दुबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-1507 को अहमदाबाद में आपात स्थिति में उतारना पड़ा था। उस समय विमान समुद्र के ऊपर था, जब पायलट को इंजन में समस्या महसूस हुई। इसके बाद सुरक्षा कारणों से इसे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। उस विमान में 150 यात्री सवार थे।
हाल के दिनों में भारतीय विमानों में तकनीकी खराबी के कई मामले सामने आए हैं। 1 सितंबर को पुणे से दिल्ली जा रही स्पाइसजेट की फ्लाइट में टेकऑफ के करीब एक घंटे बाद तकनीकी दिक्कत आई और विमान को वापस पुणे में उतारना पड़ा। 31 अगस्त को दिल्ली से इंदौर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2913 के दाहिने इंजन में आग लगने का अलर्ट मिला, जिसके बाद पायलट ने एक इंजन पर विमान को सुरक्षित दिल्ली में उतार दिया। वहीं 29 अगस्त को देहरादून से हैदराबाद जा रही इंडिगो फ्लाइट में तकनीकी समस्या आई, जिसके कारण उसे जयपुर एयरपोर्ट पर आपात लैंडिंग करनी पड़ी।