झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के सीपरी बाजार क्षेत्र में शनिवार शाम एक बुजुर्ग दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया। गोविंदपुरी स्थित घर में 70 वर्षीय विश्वनाथ और उनकी 65 वर्षीय पत्नी भुवन देवी के शव एक कमरे में मिले। शुरुआती जांच में दोनों की मौत करीब चार से पांच दिन पहले होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, उनकी मौत की असली वजह अभी साफ नहीं हो पाई है।
दोनों बुजुर्ग गोविंदपुरी स्थित अपने मकान में अकेले रहते थे, जबकि उनका बेटा जगपाल पत्नी और बच्चों के साथ मसीहगंज में रहता है। जगपाल के मुताबिक, वह 25 अगस्त या उससे पहले माता-पिता से मिलने आया था। उस समय दोनों बिल्कुल ठीक थे। उनके घर में निर्माण कार्य भी चल रहा था। शनिवार शाम जब जगपाल दोबारा घर पहुंचा तो मुख्य गेट अंदर से बंद था। काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद जगपाल ने दरवाजे के ऊपर बने रोशनदान से घर के अंदर प्रवेश किया। कमरे में माता-पिता के शव देखकर वह घबरा गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सीपरी बाजार पुलिस ने जांच शुरू की। सीओ सिटी रामवीर सिंह और एसपी सिटी प्रीति सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मोबाइल फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस को घर में रहने वाला एक किरायेदार भी नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन बंद है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है, हालांकि अभी उसकी भूमिका को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के बाद ही बुजुर्ग दंपती की मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।