झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में अश्लील वीडियो और फोटो के जरिए एनआरआई महिलाओं को ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। आरोपी अलग-अलग विदेशी नंबरों से संपर्क करते, वीडियो कॉल के दौरान आपत्तिजनक कंटेंट रिकॉर्ड करते और फिर बदनामी की धमकी देकर पैसे मांगते थे। बैंकॉक में रहने वाले एक एनआरआई परिवार को भी इसी तरह निशाना बनाया गया और 25 लाख रुपये के बिटकॉइन की फिरौती मांगी गई।
पीड़ित हरीश चंद लाखी, जो मूल रूप से जयपुर के रहने वाले हैं और पिछले 30 साल से बैंकॉक में रह रहे हैं, ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त 2025 को उन्हें विदेशी नंबर से अश्लील वीडियो भेजे गए। इसके बाद 8 लाख रुपये की मांग की गई। 25 अगस्त को फिर आपत्तिजनक फोटो भेजे गए और रकम बढ़ा दी गई। आरोपियों ने धमकी दी कि पैसे न देने पर वीडियो इंटरनेट पर वायरल कर दिए जाएंगे।
पीड़ित के अनुसार 10 सितंबर 2025 को आरोपी ने उनका कंप्यूटर हैक कर व्यापारिक और पारिवारिक डेटा चुरा लिया। एआई के जरिए फोटो और वीडियो एडिट कर उन्हें भेजे गए और 25 लाख रुपये के बिटकॉइन की मांग की गई। जान से मारने की धमकी मिलने के बाद पीड़ित झांसी पहुंचा और साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शुक्रवार को मुख्य आरोपी नितिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो पासपोर्ट, एक आईफोन, भारत का ई-सिम और थाईलैंड का सिम कार्ड बरामद हुआ है। आरोपी बबीना कैंट की न्यू हरिजन कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस गिरोह के तीन अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।