झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के शिवाजी नगर इलाके में दुकान बंद कर घर लौट रहे एक कारोबारी पर पांच-छह युवकों ने हमला कर दिया। इस दौरान कारोबारी के सिर में चोट आई, जबकि उसके दोस्त की कार में भी डंडे मारकर तोड़फोड़ की गई। घटना के बाद घायल की शिकायत पर नवाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शिवाजी नगर निवासी दिव्यांशु यादव के मुताबिक, 10 सितंबर की रात करीब 9:50 बजे वह भारत पेट्रोल पंप के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के बगल में स्थित अपनी कार एसेसरीज की दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान वहां पांच-छह युवक शराब पी रहे थे। दिव्यांशु ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा तो युवकों ने गाली-गलौज की और वहां से चले गए।
दिव्यांशु के अनुसार, कुछ देर बाद वही युवक मोटरसाइकिल और कार से वापस आए और उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके सिर में चोट लगी। आरोपियों ने उसके दोस्त रोहित पटेल की कार को भी डंडों से पीटकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि दिव्यांशु की तहरीर के आधार पर गुरसराय निवासी ध्रुव पटेल समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस ने जांच तेज कर दी है।