झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी में युवती को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। करीब तीन महीने पहले आरोपी युवती को उसके घर से अपने साथ ले गया था। पुलिस ने अब कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 22 फरवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 20 फरवरी को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शंकरगढ़ गए हुए थे। घर पर उनकी पत्नी और बेटी मौजूद थीं। रात में दोनों खाना खाकर सो गए, लेकिन अगली सुबह बेटी घर से गायब मिली।
परिजनों ने युवती की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और युवती को बरामद कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि रक्सा थाना क्षेत्र के अठौदना गांव निवासी बृजेश ढीमर युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। आरोप है कि उसने युवती के साथ दुष्कर्म भी किया।
मामले के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी बृजेश ढीमर को अठौदना पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है।