झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में पुश्तैनी संपत्ति के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के भैरो खिड़की मोहल्ले में भतीजों ने अपने चाचा धर्मेंद्र कुमार वर्मा पर लोहे के रॉडनुमा शॉकर से बेरहमी से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर उन्हें घर के अंदर से घसीटते हुए गली में ले आए और महज 45 सेकेंड में 19 बार ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव करने पहुंचीं बुजुर्ग मां को भी धक्का देकर गिरा दिया गया। गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि यह हमला पहले की गई शिकायतों का बदला लेने के लिए किया गया। धर्मेंद्र की पत्नी सुलेखा ने बताया कि 9 जून को आरोपियों के खिलाफ पुलिस चौकी में शिकायत की गई थी। कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने 22 जून को सीएम पोर्टल (आईजीआरएस) पर शिकायत दर्ज कराई। आरोप है कि इससे नाराज होकर 24 जून को जेठ, जेठानी और उनके बेटों ने घर में घुसकर हमला कर दिया।
घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं, जिनमें आरोपी धर्मेंद्र को पीटते हुए घर से बाहर लाते और लोहे के शॉकर से लगातार हमला करते दिखाई दे रहे हैं। हमले में धर्मेंद्र के दोनों पैर और एक हाथ टूट गया, जबकि सिर पर गंभीर चोट आने से 10 टांके लगाने पड़े। परिवार का कहना है कि पहले पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद एफआईआर दर्ज की गई।
कोतवाली थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों भाइयों के बीच लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी घर पर ताला लगाकर फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।