झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में एक चूहे को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चार युवकों ने पहले चूहे को पकड़ा और रस्सी से बांध दिया। इसके बाद उसे लोहे के गेट पर लटकाकर पेट्रोल डाला और आग लगा दी। इस दौरान युवकों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया।
आग लगने के कुछ देर बाद चूहे को बांधने वाली रस्सी टूट गई। वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा, लेकिन बुरी तरह जलने के कारण उसकी मौत हो गई। यह घटना 29 अक्टूबर की है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने चारों युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
पिंजरे में फंसाकर पकड़ा था चूहा
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले पिंजरा लगाकर चूहे को पकड़ा था। इसके बाद ओरछा गेट स्थित कसाई मंडी निवासी जीशान कुरैशी पुत्र शफीक कुरैशी और शफीक कुरैशी ने उसे रस्सी से बांध दिया और डंडों से पीटा। फिर चूहे को लोहे के गेट पर लटका दिया गया। आरोप है कि जुनैद कुरैशी पुत्र सफीक कुरैशी ने बोतल से उस पर पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगा दी। वहीं, आशिफ कुरैशी पुत्र आबाद कुरैशी ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाया। पुलिस के अनुसार, उसने भी चूहे को जलाने की बात कही।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस तक पहुंचा, जिसके आधार पर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर दरोगा रोहित कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया। कोतवाल अंजन कुमार ने बताया कि जुनैद कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश जारी है।
समिति के सदस्यों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी है और आरोपियों की आलोचना हो रही है। श्री महाकाल गौ सेवा संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि इस तरह की हरकत करने वालों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।