झांसी न्यूज डेस्क: दतिया जिले के उनाव इलाके में कट्टे की नोक पर बकरा लूटने की घटना का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। वारदात के करीब 12 घंटे के भीतर ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटा गया बकरा, घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और एक देसी कट्टा भी जब्त किया है। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में राजापुर निवासी परशुराम ने बताया कि गुरुवार शाम वह अपनी पत्नी विरजा के साथ राजघाट नहर के किनारे नाऊ वाले हार क्षेत्र में बकरियां चरा रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और कट्टा दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश एक बकरा लेकर मौके से भाग निकले। लूटे गए बकरे की कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद उनाव थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस को मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम प्रमोद करोसिया (24) और सुल्तान बाल्मीक (22) बताया, जो झांसी (यूपी) के रहने वाले हैं। दोनों ने पुलिस पूछताछ में वारदात को अंजाम देने की बात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 2.50 लाख रुपये कीमत की यामाहा एमटी बाइक, लूटा गया काले रंग का बकरा और 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।