झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के मबई गिर्द गांव में एक महिला ने सौतन और भतीजे से प्रॉपर्टी विवाद से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। मृतका का नाम सुनीता है, जिसकी शादी 35 साल पहले बलबीर यादव से हुई थी। कुछ समय बाद बलबीर ने दूसरी शादी कर ली। सुनीता के एक बेटा प्रिंस और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी पत्नी के दो बेटे और एक बेटी हैं।
परिवार में लंबे समय से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था। सुनीता के पति बलबीर ने बताया कि इस तनाव से तंग आकर गुरुवार को सुनीता ने जहर खा लिया। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुनीता के बेटे प्रिंस रेलवे में नौकरी कर रहे हैं, और इसी को लेकर परिवार में विवाद बढ़ गया था। पति बलबीर और छोटी बहन ललिता का आरोप है कि भतीजे और सौतन के बेटे-बहू ने सुनीता को इतना प्रताड़ित किया कि उसने आत्महत्या का कदम उठाया। बड़ागांव थाना प्रभारी प्रकाश सिंह ने बताया कि फिलहाल किसी ने लिखित शिकायत नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।