ताजा खबर

झांसी के नवोदय विद्यालय में 200 छात्रों का विरोध, हॉस्टल में खुद को किया बंद; प्रिंसिपल हटाने की मांग

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, September 17, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के बरुआसागर स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में बुधवार को करीब 200 छात्रों ने हॉस्टल में खुद को बंद कर विरोध जताया। कक्षा 9वीं से 12वीं तक के छात्र अरावली शिवालय हॉस्टल में रहते हैं। विरोध के दौरान छात्रों ने रात का खाना भी नहीं खाया। मामले की जानकारी मिलने पर प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुशवाह ने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी।

छात्रों के विरोध की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर झांसी देवेंद्र प्रताप सिंह, सीओ टहरौली रक्षपाल सिंह और थानाध्यक्ष प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन छात्र अपनी मांग पर अड़े रहे। उनकी मुख्य मांग प्रधानाचार्य को तत्काल पद से हटाने की थी। छात्रों के हॉस्टल से बाहर नहीं आने पर एडीएम प्रशासन झांसी शिवप्रताप शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और छात्रों की समस्याएं सुनीं।

छात्रों ने प्रधानाचार्य पर उन्हें परेशान करने के आरोप लगाए। उनका कहना था कि अभिभावकों के बच्चों से मिलने आने पर उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जाता। छात्रों ने आरोप लगाया कि अभिभावकों पर दबाव बनाकर बच्चों की टीसी लेने के लिए कहा जाता है और बोर्ड कक्षाओं में पढ़ने वाले छात्रों को छोटी-छोटी बातों पर निलंबित कर घर भेज दिया जाता है। छात्रों ने कक्षा 10वीं के एक छात्र का मामला भी अधिकारियों के सामने रखा। उनका आरोप था कि करीब एक महीने तक बीमार रहने के बाद जब छात्र स्कूल लौटा तो उसे दोबारा प्रवेश नहीं दिया गया।

एडीएम प्रशासन शिवप्रताप शुक्ला ने छात्रों को आश्वासन दिया कि प्रधानाचार्य के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और आरोप सही पाए जाने पर कार्रवाई होगी। फिलहाल उप-प्रधानाचार्य प्रभाकर प्रसाद पांडेय को प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी दी गई है। पूरे दिन चले विरोध के बाद रात करीब 12 बजे अधिकारियों के आश्वासन पर छात्रों ने प्रदर्शन खत्म किया। इसके बाद सभी छात्रों को मेस ले जाकर खाना खिलाया गया और अधिकारियों के हस्तक्षेप से विद्यालय में स्थिति सामान्य हो गई।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.