झांसी न्यूज डेस्क: दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के समर्थन में सोमवार को झांसी में आम आदमी पार्टी (AAP) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कचहरी स्थित गांधी उद्यान में जिलाध्यक्ष अरशद खान के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। साथ ही अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा हटाए जाने का भी विरोध किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो" और "सोनम वांगचुक, हम तुम्हारे साथ हैं" जैसे नारे लगाए। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई।
अरशद खान ने कहा कि आम आदमी पार्टी उन छात्रों के साथ खड़ी है, जिनका भविष्य पेपर लीक जैसी घटनाओं से प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि देश का युवा अपने अधिकारों की आवाज उठा रहा है, लेकिन उसकी मांगों को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा। उन्होंने यह भी कहा कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण अनशन कर रहे सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा जबरन अस्पताल ले जाना लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन है।
उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के हितों को देखते हुए प्रधानमंत्री को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाना चाहिए। साथ ही बताया कि आम आदमी पार्टी अपनी मांगों को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन भी भेजेगी।