झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक स्थित आईसीयू की फॉल्स सीलिंग अचानक भरभराकर गिर गई। हादसा उस समय हुआ जब आईसीयू में कोई मरीज भर्ती नहीं था। गर्मी के दिनों में आईसीयू को कोल्ड रूम में बदले जाने के कारण मरीजों को वहां नहीं रखा जा रहा था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
करीब 150 करोड़ रुपये की लागत से बने इस सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी और न्यूरो सर्जरी समेत कई विभागों की ओपीडी, वार्ड, आईसीयू और ऑपरेशन थिएटर हैं। तेज बारिश के बाद शाम करीब चार बजे नेफ्रोलॉजी विभाग के आईसीयू की फॉल्स सीलिंग गिर गई।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि घटना में किसी को चोट नहीं आई है। आईसीयू खाली होने के कारण वहां मरीज या स्टाफ मौजूद नहीं था। उन्होंने बताया कि फॉल्स सीलिंग की मरम्मत का काम कराया जा रहा है।
सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में फॉल्स सीलिंग गिरने का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2019 में ब्लॉक शुरू होने के बाद कई बार फॉल्स सीलिंग गिरने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। भूतल पर स्थित पर्चा काउंटर की फॉल्स सीलिंग भी कई बार गिर चुकी है। इनमें ज्यादातर घटनाएं बारिश के दौरान हुई हैं।