झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के इलाइट चौराहे पर लगी एक होर्डिंग फाड़ने को लेकर भाजपा और सपा नेताओं के बीच विवाद बढ़ गया है। मामले में भट्टागांव से भाजपा पार्षद अमित राय की शिकायत पर नवाबाद थाने में सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र यादव भोजला, युवजन सभा जिलाध्यक्ष विश्व प्रताप सिंह यादव और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब मामले की जांच के साथ आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बताया गया कि पार्षद अमित राय ने झारखंड में चल रहे छात्रों के आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव की चुप्पी पर सवाल उठाती हुई एक होर्डिंग इलाइट चौराहे पर लगवाई थी। आरोप है कि गुरुवार शाम करीब 4.30 बजे कुछ सपा कार्यकर्ताओं ने इस होर्डिंग को फाड़ दिया। इसके बाद दोनों दलों के स्थानीय नेताओं के बीच विवाद शुरू हो गया।
मामले को लेकर शुक्रवार दोपहर भाजपा के कई पार्षद नवाबाद थाने पहुंचे। इनमें उपसभापति आशीष तिवारी, प्रियंका साहू, सुनील नैनवानी, हरिओम मिश्रा और दिनेश सिंह समेत अन्य पार्षद शामिल थे। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर होर्डिंग फाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पार्षद अमित राय का कहना है कि नगर निगम में तय शुल्क जमा करने के बाद निर्धारित जगह पर होर्डिंग लगाई गई थी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने सपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र यादव भोजला, विश्व प्रताप सिंह यादव और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सीओ सिटी रामवीर सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।