झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में रविवार दोपहर अचानक मौसम बदला और करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। इसके बाद हल्की फुहार का दौर शुरू हो गया, जो करीब पांच घंटे तक जारी रहा। इस दौरान करीब 10 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश से मौसम सुहाना हो गया और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
दोपहर करीब दो बजे तक हल्की धूप थी, लेकिन इसके बाद आसमान में काले बादल छाने लगे। करीब तीन बजे तेज बारिश शुरू हुई, जिसने ग्वालियर रोड, बीकेडी, खंडेराव गेट, इलाइट, जेल चौराहा, बस स्टैंड, लक्ष्मी गेट बाहर, शिवाजी नगर, पिछोर, गुमनावारा और आवास विकास समेत कई इलाकों को भिगो दिया। करीब आधे घंटे बाद बारिश धीमी हुई और फुहारें गिरती रहीं।
लगातार बारिश के कारण मिनर्वा स्थित गुरुद्वारे के पास, कालीबाड़ी मंदिर के आसपास और सीपरी बाजार पुल के नीचे समेत कई जगहों पर पानी भर गया। कुछ इलाकों में लोगों को जलभराव के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, बारिश के बाद तापमान में गिरावट महसूस हुई और वातावरण में ठंडक घुल गई।
कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आने वाले दिनों में भी कभी तेज तो कभी हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।