झांसी न्यूज डेस्क: गरौठा तहसील क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश से नदी-नाले उफान पर हैं। इसका सबसे ज्यादा असर किसानों की खरीफ की फसलों पर पड़ा है। कई खेतों में पानी भरने से फसलें खराब हो गई हैं। वहीं, कई जगह रिपटे और पुलिया टूटने से ग्रामीणों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।
कचीर, ककरवई, डुमरई, हीरानगर समेत कई गांवों में खेतों में पानी भर गया है। इससे तिल, मूंगफली, उड़द और अरहर सहित अन्य खरीफ फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है। लगातार बारिश से किसानों की चिंता बढ़ गई है और उन्हें आगे भी फसल खराब होने का डर सता रहा है।
बारिश के कारण कई जगह रिपटे और पुलिया टूट गई हैं। वहीं पहले से खराब और उखड़ी सड़कें भी बारिश के बाद और ज्यादा खराब हो गई हैं। इससे ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त रिपटों, पुलियों और सड़कों की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। किसानों ने प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।