झांसी न्यूज डेस्क: गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने पटना जंक्शन और खुर्दा रोड के बीच चल रही साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेनों की अवधि बढ़ाने के साथ-साथ वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और खुर्दा रोड के बीच नई वीकली समर स्पेशल ट्रेन शुरू करने का ऐलान किया है।
ईस्ट कोस्ट रेलवे के मुताबिक, ट्रेन नंबर 03230 पटना जंक्शन–खुर्दा रोड वीकली समर स्पेशल सेवा को अब 25 जून तक बढ़ा दिया गया है, जबकि ट्रेन नंबर 03229 खुर्दा रोड–पटना जंक्शन समर स्पेशल 26 जून तक चलेगी। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इन ट्रेनों के समय, स्टॉपेज और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
इसके अलावा यात्रियों की सुविधा और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए रेलवे ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी और खुर्दा रोड के बीच नई साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू की है। ट्रेन नंबर 01929 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–खुर्दा रोड समर स्पेशल हर शुक्रवार सुबह 4:55 बजे झांसी से रवाना होगी और शनिवार शाम 7:30 बजे खुर्दा रोड जंक्शन पहुंचेगी। वहीं ट्रेन नंबर 01930 खुर्दा रोड–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी समर स्पेशल हर रविवार रात 12:35 बजे खुर्दा रोड से चलेगी और सोमवार सुबह 11:15 बजे झांसी पहुंचेगी।
नई ट्रेन सेवा ग्वालियर, इटावा, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, आद्रा, हिजली, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर क्योंझर रोड, नराज मार्थापुर और भुवनेश्वर जैसे कई प्रमुख स्टेशनों को जोड़ेगी। इस ट्रेन में 10 स्लीपर कोच, 5 जनरल सेकंड क्लास, 1 एसी टू-टियर और 2 एसी थ्री-टियर कोच लगाए जाएंगे।