झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में मौसेरे भाई की बर्थडे पार्टी एक परिवार के लिए मातम में बदल गई। सोमवार देर रात इलाइट चौराहा के पास तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे आइसक्रीम खा रहे एक ही परिवार के 11 लोगों को कुचल दिया। हादसे में घायल 24 साल की गर्भवती पलक की इलाज के दौरान मौत हो गई। उसकी बुआ और चाचा समेत कुछ अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पलक की शादी करीब डेढ़ साल पहले तालबेहट के सिनौरी गांव निवासी विक्रांत सिंह बघेल से हुई थी। वह एमए की पढ़ाई कर रही थी और तीन महीने की गर्भवती थी। रक्षाबंधन पर वह मायके आई हुई थी। 31 अगस्त को मौसेरे भाई प्रियांशु का जन्मदिन था, इसलिए पूरा परिवार पार्टी मनाने के लिए इलाइट चौराहा स्थित जनक रेस्टोरेंट पहुंचा था। वहां सभी ने केक काटा और खाना खाने के बाद आइसक्रीम लेने के लिए बाहर आ गए।
परिवार के लोग रेस्टोरेंट के बाहर सड़क किनारे रेहड़ी पर आइसक्रीम ले रहे थे, तभी सीपरी बाजार की तरफ से तेज रफ्तार कार आई और वहां खड़े लोगों को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में पलक, उसकी मां अरुणा, भाई नितिन, मौसेरा भाई प्रियांशु, चाचा पवन, चाची सपना, बुआ मंजू और ऊषा समेत 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और सभी घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
पलक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ग्वालियर रेफर किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर झांसी पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं हादसे की जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कार कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।