झांसी न्यूज डेस्क: लखनऊ के भीषण अग्निकांड के बाद झांसी विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शहर में नियमों के विपरीत संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जेडीए ने आठ बड़े कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया। वहीं, जेडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त जांच कार्रवाई से शहर के कई कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया, जिसके चलते कई संस्थान मंगलवार को बंद रहे।
जेडीए सचिव गौरव शुक्ला के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सीपरी बाजार स्थित कुमार्स आईएएस, इलाइट चौराहा स्थित केजीएन स्टडी सेंटर, सिविल लाइंस का विद्यापीठ कोचिंग क्लासेज, पंचकुइयां चौराहा स्थित कॉमर्स क्लासेज, आतियां ताल के एकलव्य क्लासेज और मोशन क्लासेज, जीवनशाह तिराहा के पास महिंद्रा क्लासेज तथा चित्रा रोड स्थित आकाश कोचिंग को सील किया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि ये सभी कोचिंग संस्थान भवन उपविधियों और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित किए जा रहे थे। सुरक्षा मानकों और भवन संबंधी नियमों के उल्लंघन को देखते हुए जेडीए ने तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि शहर में संचालित अन्य कोचिंग संस्थानों की भी जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।