झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में बुधवार को 13 सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सों ने दो घंटे तक काम बंद रखकर प्रदर्शन किया। राजकीय नर्सेज संघ की अध्यक्ष अनिता शर्मा और उपाध्यक्ष मैफलिन के नेतृत्व में नर्सों ने सुबह 8 बजे से 10 बजे तक कार्य बहिष्कार किया। इस दौरान उन्होंने सरकार से लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि अपनी मांगों को लेकर नर्सें काफी समय से आंदोलन कर रही हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। मांगों पर सुनवाई नहीं होने से नाराज नर्सों ने बुधवार को काम बंद कर विरोध जताया।
इससे पहले नर्सों ने 9 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक हाथों में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद मांगों पर कोई फैसला नहीं होने पर उन्होंने बुधवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार किया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो लखनऊ में करेंगे घेराव
राजकीय नर्सेज संघ ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो गुरुवार को लखनऊ स्थित स्वास्थ्य निदेशालय का घेराव किया जाएगा। संघ ने साफ किया है कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।