झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में सड़क हादसे में एक प्राइवेट स्कूल की संचालिका और महिला टीचर की मौत हो गई। 20 जुलाई को वह ऑटो से झांसी आ रही थीं। इसी दौरान बरुआसागर के पास सामने से आ रही एक कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो में सवार कई लोग घायल हो गए थे। महिला टीचर को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान दीपिका पांडे (45) के रूप में हुई है। वह बरुआसागर के शिव मंदिर बाजार की रहने वाली थीं। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
दीपिका की बहन पूनम ने बताया कि उनकी बहन ओम साई पब्लिक स्कूल की संचालिका थीं। यह स्कूल प्ले ग्रुप से लेकर यूकेजी तक चलता है। 20 जुलाई को दीपिका स्कूल के काम और बच्चों की ड्रेस खरीदने के लिए ऑटो से झांसी आ रही थीं।
रास्ते में बरुआसागर स्थित फुटेरा माता मंदिर के पास सामने से आ रही कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। ऑटो में करीब 11 लोग सवार थे। हादसे में दीपिका समेत सतीश बिरथरे और कई अन्य यात्री घायल हुए थे। दीपिका को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, लेकिन करीब तीन हफ्ते बाद उनकी मौत हो गई।
दीपिका के पति की 2017 में मौत हो चुकी थी। उनकी 11 साल की बेटी प्रगति है, जो आगरा में अपनी मौसी के साथ रहती है और छठवीं कक्षा में पढ़ रही है। परिवार के मुताबिक, प्रगति का 16 अगस्त को जन्मदिन है और वह 12 साल की होने वाली है।
दीपिका की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। जिस बेटी का जन्मदिन दो दिन बाद मनाया जाना था, उसने उससे पहले ही अपनी मां को खो दिया। हादसे की खबर के बाद परिजन सदमे में हैं।