ताजा खबर

झांसी में दुस्साहस: कोर्ट में चल रहे जमीनी विवाद में 70 दबंगों ने घर में ताला लगा दुकान पर चलवाया बुलडोजर, पीड़ित परिवार दहशत में

Photo Source : Google

Posted On:Monday, June 29, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के मिशन कंपाउंड में करीब 60 से 70 दबंगों ने सरेआम गुंडई दिखाते हुए एक दुकान को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया। जमीन पर जबरन कब्जा करने के इरादे से अंजाम दी गई इस पूरी वारदात का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद से पीड़ित परिवार बेहद डरा हुआ और दहशत में है, जिसके चलते सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने उनके घर के बाहर कड़ा पहरा लगा दिया है।

​यह दुकान 'लकी प्रोविजन स्टोर' के नाम से जेम्स थॉमस नामक व्यक्ति की थी, जो पिछले कई सालों से इसे चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पीड़ित जेम्स थॉमस के मुताबिक, पड़ोस में रहने वाला दबंग मणि सरौलिया और उसका परिवार उनकी इस कीमती जमीन पर काफी समय से गिद्ध नजर गड़ाए हुए था और उस पर कब्जा करना चाहता था। इस जमीन का विवाद फिलहाल अदालत में चल रहा है, लेकिन कोर्ट के फैसले का इंतजार किए बिना ही दबंगों ने कानून को हाथ में ले लिया।

​वारदात को अंजाम देने के लिए दबंगों ने बेहद शातिराना और फिल्मी तरीका अपनाया। जब जेम्स और उनका परिवार रात में घर के अंदर सो रहा था, तभी पड़ोसी मणि सरौठिया अपने साथ 60 से 70 गुंडों और एक बुलडोजर को लेकर वहां धमक पड़ा। इन लोगों ने सबसे पहले थॉमस के घर के दरवाजों को बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया ताकि कोई बाहर न आ सके और सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरों के तार भी काट दिए। इसके बाद घर के बाहर बनी दुकान पर बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। इस दौरान आहट पाकर जेम्स किसी तरह दीवार फांदकर बाहर आए और उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन दबंगों ने उन्हें हथियारों के बल पर जान से मारने की धमकी दी।

​पीड़ित परिवार ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी, लेकिन जब तक पुलिस मौके पर पहुंच पाती, तब तक दबंग अपना काम पूरा कर चुके थे। इस गुंडागर्दी के कारण दुकान में रखा करीब 6 से 7 लाख रुपये का सामान मलबे में तब्दील होकर बर्बाद हो गया। पीड़ित जेम्स थॉमस की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रदीप सरौठिया, उसके बेटों मणि और ज्ञानू सरौठिया समेत दर्जनों अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.