झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र में बच्चों के बीच हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोग महिला के घर में घुस गए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला के चेहरे पर कैंची से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। पीड़िता क्रांति पत्नी मुलायम की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, 9 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1 बजे क्रांति के 11 वर्षीय बेटे कपिल और 10 वर्षीय बेटे आशीष घर के बाहर खेल रहे थे। इसी दौरान अरबाज, मोहब्बत और हेमा वहां पहुंचे और दोनों बच्चों को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश करने लगे। बच्चे किसी तरह वहां से भागकर घर पहुंचे तो आरोपी भी उनके पीछे घर में घुस गए।
क्रांति ने जब अपने बच्चों को बचाने की कोशिश की तो आरोप है कि अरबाज ने उसके चेहरे पर कैंची से वार कर दिया। हमले में महिला घायल हो गई। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने उसकी आंखें निकालने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। शोर सुनकर क्रांति के पति मुलायम बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई।
रक्सा थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह के मुताबिक, पुलिस ने अरबाज, मोहब्बत सायना और हेमा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 351 और 115 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।