झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के जेलर अंजनी कुमार गुप्ता के सरकारी आवास में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने घरेलू सहायिका और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह अपने प्रेमी को महंगे मोबाइल और अन्य उपहार देने के लिए कई महीनों से चोरी कर रही थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के जेवरात और करीब दो लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
जेलर अंजनी कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ जेल परिसर स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। उनकी पत्नी उमा गुप्ता ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले मिथलेश नाम की महिला को घरेलू सहायिका के रूप में रखा गया था। आरोप है कि पिछले तीन महीनों से वह घर में रखे पर्स और बैग से पैसे चुरा रही थी, जिससे पति-पत्नी के बीच विवाद भी होने लगा था।
26 जून को उमा गुप्ता मुंबई गई थीं। 1 जुलाई को लौटने पर उन्होंने देखा कि अलमारी से लाखों रुपये नकद और कीमती गहने गायब हैं। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस ने मिथलेश को हिरासत में लिया, जिसके पास से कुछ गहने बरामद हुए।
पूछताछ में महिला ने बताया कि पति की मौत के बाद उसकी दोस्ती उन्नाव गेट अंदर सराय मोहल्ला निवासी अमित (38) से हो गई थी। उसने प्रेमी को 20 हजार रुपये का मोबाइल गिफ्ट किया था और उसकी अन्य जरूरतें पूरी करने के लिए चोरी करना शुरू कर दिया था।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि महिला और उसके प्रेमी के कब्जे से चोरी के गहनों के अलावा दो लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।