झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के रानीपुर इलाके के देवरी सिंहपुरा गांव में मंगलवार को पितृपक्ष के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सुखनई नदी में जल तर्पण के लिए पहुंचे एक ही परिवार के पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। नदी किनारे अनुष्ठान के दौरान 48 साल के अनूप तिवारी का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चले गए।
अनूप को बचाने के लिए उनका 12 साल का बेटा अर्पित भी नदी में उतर गया। इसके बाद उनके भतीजे अभिनव (25), श्रेयांश (21) और भांजे पुष्कर शुक्ला (23) भी उन्हें बचाने के लिए पानी में चले गए। देखते ही देखते पांचों गहरे पानी में डूब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची टीमों ने रेस्क्यू शुरू किया, लेकिन पांचों को बचाया नहीं जा सका।
पोस्टमार्टम के बाद चार शव देवरी सिंहपुरा गांव लाए गए। गांव में पिता-पुत्र अनूप और अर्पित के साथ दोनों भाइयों अभिनव और श्रेयांश की चिताएं एक साथ जलाई गईं। वहीं, पुष्कर शुक्ला का शव उनके परिवार के पास जालौन भेजा गया। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
झांसी के जिलाधिकारी गौरांग राठी ने कहा कि घटना बेहद दुखद है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दी जाएगी। राहत राशि तत्काल जारी करने के आदेश भी दिए गए हैं। डीएम गौरांग राठी, एसएसपी विकास कुमार, सांसद अनुराग शर्मा और क्षेत्रीय विधायक के प्रतिनिधि समेत कई जनप्रतिनिधि गांव पहुंचे और परिवार के लोगों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।