झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के चिरगांव में एक पुराने सिक्के की खोज ने कुछ ही घंटों में पूरे इलाके में खलबली मचा दी। जैन मंदिर के पास चल रही खुदाई के दौरान निकली मिट्टी में खेल रही एक बच्ची को सफेद धातु का पुराना सिक्का मिला। स्थानीय लोगों ने इसे चांदी का सिक्का बताया, जिसके बाद देखते ही देखते यह खबर फैल गई कि यहां कहीं खजाना दबा हुआ है।
अफवाह फैलते ही बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हर कोई मिट्टी के ढेर में अपनी किस्मत तलाशने लगा। कोई हाथों से मिट्टी छान रहा था तो कोई डंडों से मलबा खंगाल रहा था। कई लोग थैले लेकर भी पहुंच गए, इस उम्मीद में कि उन्हें भी कोई पुराना सिक्का मिल जाएगा।
मामले की जानकारी मिलते ही चिरगांव पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी राहुल राठौर ने बताया कि खुदाई से निकले मलबे में कुछ पुराने सिक्के मिलने की सूचना मिली है। शुरुआती जांच में सिक्कों पर वर्ष 1919 अंकित दिखाई दे रहा है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने सिक्के मिले हैं और उनका ऐतिहासिक महत्व क्या है।
प्रशासन ने मामले की जानकारी राजस्व विभाग को भी दे दी है। अब जांच की जा रही है कि ये सिक्के किसी पुराने संग्रह, दबे हुए खजाने या सामान्य प्रचलन में रहे पुराने सिक्कों का हिस्सा हैं। फिलहाल एक पुराने सिक्के की चर्चा ने पूरे इलाके को कुछ घंटों के लिए 'खजाने की तलाश' में जरूर लगा दिया।