झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरदौलपुर मोहल्ले में रविवार सुबह जहरीले सांप के डसने से एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। घर में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया, जिससे सात वर्षीय मयंक की मौत हो गई, जबकि उसकी पांच वर्षीय बहन प्रगति की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है।
मयंक और प्रगति के पिता प्रदीप कुशवाहा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रविवार सुबह वह काम पर निकल गए थे। कुछ देर बाद बच्चों की चीख सुनकर उनकी मां नेहा कमरे में पहुंचीं तो देखा कि दोनों को सांप ने डस लिया है। घबराए परिजन तुरंत दोनों को मेडिकल कॉलेज ले गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मयंक को मृत घोषित कर दिया, जबकि प्रगति का इलाज जारी है। परिजनों का कहना है कि सांप ने मयंक को चार से पांच जगह डसा था, जिससे उसकी हालत तेजी से बिगड़ गई।
मयंक कक्षा एक में पढ़ता था, जबकि प्रगति ने इसी साल स्कूल जाना शुरू किया था। शनिवार रात दोनों बच्चे खेलते-खेलते घर में ही सो गए थे। रविवार सुबह हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
मासूम बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर फैलते ही पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल छा गया।