झांसी न्यूज डेस्क: इंदौर से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार निजी बस रविवार तड़के झांसी-कानपुर हाईवे पर मोंठ कस्बे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसा मिनी स्टेडियम के सामने हुआ, जिसके बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस में करीब 40 यात्री सवार थे, जिनमें से 16 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, निजी शताब्दी बस शनिवार रात इंदौर बस अड्डे से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों का आरोप है कि चालक काफी तेज रफ्तार में बस चला रहा था। भोपाल के बाद यात्रियों ने चालक से रफ्तार कम करने के लिए कहा था, लेकिन उसने ध्यान नहीं दिया। तड़के करीब पांच बजे मोंठ के आगे ओवरटेक करते समय बस अचानक अनियंत्रित हो गई और खाई में जाकर पलट गई।
बस के पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को शीशे तोड़कर बस से बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी मोंठ सुनील शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को पहले सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद नौ यात्रियों को गंभीर स्थिति के चलते मेडिकल अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल भेजे गए घायलों में राहुल गुप्ता, आकाश कुमार, राकेश पाल, प्रगति सिंह, रवि वर्मा, कन्हैया लाल, गीता देवी, देवेंद्र सिंह और चालक सुनीत सिंह शामिल थे। वहीं, मोहम्मद रेहान, अमान खान, अमित खरे, हेमंत सोनी, अर्चना त्रिपाठी, अनुराग दीक्षित और मोहित शर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मेडिकल अस्पताल भेजे गए घायलों की हालत में भी सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। पुलिस हादसे की वजह की जांच कर रही है।