झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर टिकट दिखाने में हुई देरी को लेकर महिला टीटीई और एक यात्री के बीच बहस हो गई। यात्री श्रवण कुमार का आरोप है कि महिला टीटीई ने अपने स्टाफ के सामने उन्हें अपमानित किया और धमकी भरे अंदाज में बात की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यात्री ने रेलवे अधिकारियों से शिकायत की है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लखनऊ के रहने वाले श्रवण कुमार 6 नवंबर को अपने दो साथियों के साथ आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) में सवार हुए थे। तीनों स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे। 8 नवंबर को ट्रेन झांसी पहुंची। श्रवण के मुताबिक, उन्होंने पेनुकोंडा स्टेशन के काउंटर से टिकट लिया था, जिसमें तीनों की वेटिंग 2, 3 और 4 थी। चार्ट बनने के बाद दो यात्रियों को एस-2 कोच में सीट नंबर 39 पर आरएसी और तीसरे को सीट नंबर 47 पर आरएसी मिली थी।
श्रवण ने बताया कि झांसी स्टेशन पर महिला टीटीई ने उनसे टिकट मांगा, लेकिन उस समय टिकट बैग में रखा होने के कारण उन्हें तुरंत नहीं मिला। इसके बाद टीटीई उन्हें अपने ऑफिस ले गईं। श्रवण ने उन्हें बताया कि टिकट उनके पास ही है और सीट व कोच नंबर के जरिए रेलवे के सिस्टम में भी इसकी जानकारी देखी जा सकती है। आरोप है कि महिला टीटीई ने उनकी बात नहीं सुनी और स्टाफ के सामने उन्हें खरी-खोटी सुनाने लगीं। कुछ देर बाद बैग से टिकट मिल गया, लेकिन इसके बावजूद उनका व्यवहार नहीं बदला। श्रवण का कहना है कि उन्हें स्टेशन से बाहर जाने के लिए भी कहा गया, जबकि उन्हें झांसी से लखनऊ जाना था और इसके लिए उन्होंने ऑनलाइन टिकट भी बुक किया था।
वीडियो में यात्री को 'अंगूठाछाप' कहती सुनाई दीं टीटीई
वायरल वीडियो में महिला टीटीई यात्री से कहती सुनाई दे रही हैं, 'यहां से सीधे निकल जाओ। दोबारा स्टेशन पर दिख गए तो तुम्हारी खैर नहीं।' इस पर श्रवण उन्हें बताते हैं कि उन्हें लखनऊ जाना है और उन्होंने ऑनलाइन टिकट बुक किया है। जवाब में महिला टीटीई कहती हैं, 'तुम्हें कुछ नहीं पता है, तुम अंगूठाछाप हो। तुम्हारी शक्ल से नफरत हो रही है। अभी हम बिजी न होते तो तुम्हें दिखा देते कि हम क्या चीज हैं।'
एक्स पर शिकायत के बाद रेलवे ने शुरू की जांच
श्रवण कुमार ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया और रेलवे अधिकारियों को टैग कर महिला टीटीई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत मिलने के बाद रेलवे ने मामले को दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।