झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर एक महिला टिकट चेकिंग कर्मचारी (टीटीई) का यात्री के साथ बदसलूकी करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह यात्री को अनपढ़ कहते हुए सुनाई दे रही हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने उसके प्रति नाराजगी जताने के साथ धमकी भरे शब्दों का भी इस्तेमाल किया। मामला सामने आने के बाद रेलवे ने महिला टीटीई को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी है।
यह घटना कथित तौर पर 8 नवंबर की है, जब केएसआर बेंगलुरु-नई दिल्ली कर्नाटक एक्सप्रेस (12627) झांसी स्टेशन पहुंची थी। लखनऊ के रहने वाले श्रवण कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा से सफर कर रहे थे। तीनों ने 6 नवंबर को रेलवे काउंटर से स्लीपर क्लास के टिकट खरीदे थे। टिकट बुक करते समय उनकी वेटिंग लिस्ट में क्रमशः 2, 3 और 4 नंबर थे। चार्ट बनने के बाद दो यात्रियों को एस-2 कोच में सीट नंबर 39 पर आरएसी टिकट मिला, जबकि तीसरे यात्री को सीट नंबर 47 आवंटित हुई।
श्रवण के मुताबिक, ट्रेन के झांसी पहुंचने पर टीटीई ने उनसे टिकट दिखाने को कहा। टिकट बैग में होने के कारण वह उसे तुरंत नहीं निकाल पाए। उन्होंने कर्मचारी को बताया कि उनके पास वैध टिकट है, लेकिन सामान के बीच से उसे ढूंढने में थोड़ा समय लगेगा। उन्होंने यह भी कहा कि रेलवे सिस्टम में यात्रियों के नाम, कोच और सीट की जानकारी देखकर टिकट की पुष्टि की जा सकती है। आरोप है कि टीटीई ने उन्हें समय देने के बजाय दूसरे कर्मचारियों के सामने डांटना शुरू कर दिया और अपने ऑफिस ले गईं। बाद में श्रवण ने टिकट निकालकर दिखा भी दिया, लेकिन इसके बावजूद बहस जारी रही। यात्री का आरोप है कि उन्हें स्टेशन परिसर छोड़ने के लिए भी कहा गया, जबकि उन्हें झांसी से लखनऊ तक का सफर करना था।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में टीटीई श्रवण को दोबारा स्टेशन न आने की चेतावनी देती सुनाई दे रही हैं। इस पर यात्री ने बताया कि उन्होंने आगे के सफर के लिए ऑनलाइन टिकट भी बुक कर रखा है। इसके जवाब में टीटीई कहती हैं, "क्या ऑनलाइन टिकट कन्फर्म है? अगर टिकट कन्फर्म होगा, तभी ट्रेन में चढ़ पाओगे।" इसके बाद वह यात्री को 'अंगूठाछाप' कहते हुए सुनाई देती हैं। वीडियो में वह यह भी कहती हैं कि अगर वह अभी व्यस्त नहीं होतीं, तो यात्री को अपनी ताकत दिखा देतीं। श्रवण ने यह वीडियो एक्स पर शेयर कर रेलवे अधिकारियों को टैग किया और कार्रवाई की मांग की। झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि रेलवे यात्रियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार को प्राथमिकता देता है। महिला टीटीई को तत्काल सस्पेंड कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। मामले में आगे कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों से सीधे संपर्क में रहने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के लिए काउंसलिंग सेशन भी चलाए जा रहे हैं, ताकि वे यात्रियों से मर्यादा और सम्मान के साथ पेश आएं। हालांकि, विवाद की पूरी वजह और यात्री की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही होगी।