झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के नारायण बाग स्थित राय विहार कॉलोनी में बुधवार देर शाम पारिवारिक विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। एक महिला अपनी तीन साल की बेटी को गोद में लेकर ससुराल के बाहर धरने पर बैठ गई, जबकि अंदर से सास ने घर में ताला बंद कर लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर आरोप-प्रत्यारोप हुए और इलाके में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।
महिला वर्षा राय (30) का आरोप है कि उसके पति रवि राय का दूसरी युवती से संबंध है और परिवार वाले उसकी दूसरी शादी कराना चाहते हैं। उसने बताया कि शादी के कुछ समय बाद एक युवती ने खुद को रवि की पहली पत्नी बताया था। वर्षा का कहना है कि बेटी के जन्म के बाद उसे घर से निकालने की कोशिश की जा रही है।
वहीं सास राजकुमारी का कहना है कि बहू अक्सर मायके में रहती है और ससुराल में नहीं टिकती। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बहू उनके बेटे की हत्या की साजिश रच रही है और एक संदेश में गोली मारने की बात भी सामने आई है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई, जहां बातचीत कर मामले को शांत कराने की कोशिश की गई। निरीक्षक रवि श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।