झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में दिनदहाड़े अरविंद यादव की हत्या करने वाले आरोपी संजय यादव को पुलिस ने गुरुवार देर रात लकारा पुलिया के पास एनकाउंटर में घायल किया। उसके पैर में गोली लगी है। वहीं, उसके दो साथियों भान सिंह और कमल सिंह को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। तीनों आरोपी उस क्षेत्र में छिपे हुए थे, जब पुलिस ने घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि 8 सितंबर को भोजला गांव में अरविंद यादव की पत्नी के सामने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। फरार चल रहे संजय यादव पर 25 हजार रुपए का इनाम था। एनकाउंटर में संजय के पास से तमंचा और कारतूस भी बरामद हुए। घायल आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
इस मामले में पुलिस ने अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें मिथुन, अजीत, सुरेश, अशोक यादव, रिंकू के बेटे राजा, मिथुन की पत्नी रजनी, कुल्लू की पत्नी रेखा, राममिलन के बेटे इंद्रजीत और भमर सिंह यादव शामिल हैं। गुरुवार रात को तीन और आरोपी पकड़े गए।
हालांकि मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान रिंकू यादव समेत अनिल, राहुल, कैलाश और कुल्लू उर्फ अमित अभी फरार हैं। इन सभी पर 25-25 हजार रुपए का इनाम रखा गया है। पुलिस झांसी समेत आसपास के जिलों और मध्य प्रदेश के जंगलों में उनकी तलाश कर रही है।