ताजा खबर

झांसी में चलती लग्जरी बस बनी आग का गोला, बाल-बाल बचे यात्री

Photo Source : Google

Posted On:Monday, May 25, 2026

झांसी न्यूज डेस्क: झांसी के सीपरी बाजार इलाके में सोमवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस अचानक आग का गोला बन गई। बस लखनऊ से मध्य प्रदेश के रतलाम जा रही थी और उसमें करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, हालांकि उनका पूरा सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब सवा एक बजे बस झांसी पहुंची थी। इलाइट चौराहे से दो और यात्रियों को बैठाने के बाद बस आगे बढ़ी। चालक कमलेश कुमार ने बताया कि फ्लाईओवर के पास ब्रेकर से गुजरते समय बस को हल्का झटका लगा, जिसके तुरंत बाद बस की लाइट बंद हो गई। शक होने पर चालक ने बस रोककर जांच की तो इंजन के पास एक तार जलता दिखाई दिया।

खतरे को भांपते हुए चालक ने तुरंत यात्रियों को जगाकर नीचे उतरने के लिए कहा। यात्री जैसे-तैसे बस से बाहर निकले ही थे कि आग ने विकराल रूप ले लिया। कुछ ही मिनटों में पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। एक यात्री ने बताया कि ड्राइवर सीट के नीचे से तेल जैसा कुछ टपकता दिखाई दे रहा था और आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस आग के गोले में बदल गई।

भीषण आग में यात्रियों का सामान, कपड़े और अन्य कीमती वस्तुएं पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल बना रहा।


झाँसी, देश और दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. jhansivocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.