झांसी न्यूज डेस्क: प्रेमनगर थाना क्षेत्र के हंसारी मोहल्ला निवासी एक युवक ने पारिवारिक तनाव के चलते जहर खाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक की पत्नी तीन बच्चों को लेकर अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। इस बात से वह गहरे अवसाद में चला गया था। अचेत हालत में परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान मनीष चौहान (30) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मनीष ने करीब दस साल पहले चिरगांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था और दोनों के तीन बच्चे हैं। वह निजी काम करके परिवार का पालन-पोषण करता था। फरवरी में एक पुराने मारपीट के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
बताया गया कि 27 फरवरी को जमानत पर रिहा होने के बाद जब मनीष घर लौटा तो घर पर ताला लगा मिला। पत्नी से फोन पर बात करने पर उसने बताया कि वह अपने प्रेमी के साथ रह रही है और अब वापस नहीं आएगी। यह सुनकर मनीष काफी परेशान हो गया। उसने अपनी मां के साथ मिलकर पत्नी को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं मानी।
सोमवार देर शाम मनीष ने पत्नी को फिर फोन कर बच्चों के लिए घर लौट आने की गुहार लगाई, लेकिन उसने साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। इससे आहत होकर मनीष ने घर में जहर निगल लिया। मां ने उसे अचेत हालत में देखा तो परिजन तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।