झांसी न्यूज डेस्क: झांसी में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। नई बस्ती इलाके में एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची पर काले कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिससे इलाके में डर और गुस्से का माहौल बन गया है।
बताया जा रहा है कि समथर नगर के रहने वाले हरिवंश शिल्पकार की बेटी शिवांगी घर के पास ही जा रही थी। इसी दौरान अर्द्धनारीश्वर मंदिर के पास वाली गली में घूम रहे एक कुत्ते ने उस पर झपट्टा मार दिया। कुत्ता इतना आक्रामक था कि उसने बच्ची के चेहरे पर बुरी तरह हमला कर दिया और गाल को गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाया। इसके बाद परिजन उसे तुरंत समथर के स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मोंठ और फिर झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। परिजनों का कहना है कि कुत्ता बेहद खतरनाक और असामान्य व्यवहार कर रहा था। लोगों ने प्रशासन से इलाके में आवारा कुत्तों पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।