झांसी न्यूज डेस्क: झांसी-खजुराहो हाईवे पर करवा चौथ के सामान लेकर जा रही युवती की बाइक हादसे में मौत
झांसी-खजुराहो हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 25 वर्षीय प्रीति प्रजापति की मौत हो गई। प्रीति अपने भाई अमन के साथ बाइक पर सवार होकर मायके से ससुराल जा रही थी। हादसा शाम करीब 6 बजे बड़ागांव तिगैला के आगे नौ पुल के पास हुआ, जब तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद दोनों घायल हो गए और उन्हें मऊरानीपुर अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया। प्रीति की शादी आठ माह पहले फरवरी में हुई थी और शुक्रवार को उसका पहला करवा चौथ व्रत था। वह अपने साथ करवा चौथ के लिए सामान लेकर ससुराल जा रही थी।
पति पुणे में मजदूरी करता है और वह भी करवा चौथ के लिए घर वापस आ रहा था। हादसे की खबर सुनते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन रो-रो कर बेहाल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।