झांसी न्यूज डेस्क: उत्तर प्रदेश के झांसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। क्रिकेट खेलते समय 30 वर्षीय रविन्द्र अहिरवार की अचानक मौत हो गई। रविन्द्र एलआईसी में विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। मौत के बाद परिवार में गहरा शोक छा गया। रविन्द्र पूरी तरह से स्वस्थ थे और सुबह अपने पिता के साथ चाय पीकर दिन की शुरुआत की थी।
घटना सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के जीआईसी मैदान की है। रविन्द्र अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने गए थे और बॉलिंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें प्यास लगी और पानी पीया। पानी पीते ही अचानक उन्हें उल्टी हुई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। साथी खिलाड़ियों ने उन्हें तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके छोटे भाई अरविंद ने बताया कि रविन्द्र घर से पूरी तरह सामान्य हालत में निकले थे। दो साल पहले एलआईसी में विकास अधिकारी बने रविन्द्र के अचानक निधन से परिवार, दोस्त और सहकर्मी सदमे में हैं।
झांसी मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का असली कारण पता चलेगा। उन्होंने कहा कि खेल या व्यायाम के दौरान अचानक ज्यादा पानी पीने से भी स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।