झांसी न्यूज डेस्क: झांसी से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां लव मैरिज करने वाली महिला की अचानक मौत हो गई। उसका पति अभी जेल में बंद है, जिसे पुलिस ने 14 दिन पहले एनकाउंटर में पकड़ा था। आज जब ससुराल वाले महिला का अंतिम संस्कार कर रहे थे, तभी मायके वाले पहुंच गए और हंगामा कर दिया। बहन ने आरोप लगाया कि प्रियंका की मौत टीबी से नहीं हुई, बल्कि उसे ससुराल वालों ने मारपीट कर जान से मार डाला है।
मृतका प्रियंका की बहन ने बताया कि 5 साल पहले उसकी शादी विजय परिहार से हुई थी। दोनों का एक 4 साल का बेटा भी है। लेकिन शादी के बाद से ही पति और ससुराल वालों का बर्ताव ठीक नहीं था। विजय अक्सर मारपीट करता था। इसी बीच 17 सितंबर की रात को विजय ने एक छात्रा को अगवा कर मोबाइल लूट लिया था। पुलिस ने एनकाउंटर में उसके पैर में गोली मारी और फिर उसे जेल भेज दिया। इसके बाद से प्रियंका ससुराल वालों के साथ ही रह रही थी।
प्रियंका की बहन का कहना है कि बहन बीमार जरूर थी, लेकिन उसे टीबी जैसी बीमारी नहीं थी। गुरुवार को ही उसका फोन आया था कि तबीयत खराब है, जल्दी आ जाओ। लेकिन शुक्रवार सुबह ही सूचना मिली कि उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष का आरोप है कि प्रियंका को जानबूझकर इलाज से वंचित रखा गया और उसके साथ मारपीट की गई।
वहीं, ससुराल वालों ने इन आरोपों को खारिज किया है। जेठ अर्जुन सिंह ने कहा कि प्रियंका को पिछले 6 महीने से टीबी की बीमारी थी और इलाज भी चल रहा था। पति के जेल जाने के बाद वह तनाव में रहती थी। अब मायके वाले बेवजह आरोप लगा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।